सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के ग्राम फरदहिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरदहिया निवासी बबिता देवी का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी लवकुमार भार्गव के साथ हुआ था। बताया जाता है कि बबिता 28 सितंबर को अपने मायके आई थी। अगले दिन उसका पति भी फरदहिया पहुंचा और उसे साथ लेकर कारीकोट मेले में घूमने गया। मेला देखने के बाद दोनों वापस गांव लौट आए।
परिजनों का आरोप है कि गांव के बाहर खेत में बने एक बंगले पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान मृतका के चाचा रामकैलाश के मोबाइल पर लवकुमार का फोन आया। फोन पर उसने बताया कि उसने बबिता को दो थप्पड़ मारे हैं और वह बंगले पर पड़ी है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो बबिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की मां विटाला देवी और बाबा मनोहर लाल भार्गव ने आरोप लगाया कि बबिता ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसके पति ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर टांग दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिंगाही पुलिस और क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment