Top News

भैंस चराने के विवाद में घायल बुजुर्ग की मौत, दर्ज मुकदमे में बढ़ेंगी धाराएं

सिंगाही-खीरी। थाना क्षेत्र के रमुआपुर गांव में भैंस चराने को लेकर हुए विवाद में घायल हुए बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस अब पहले से दर्ज मुकदमे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार रमुआपुर गांव निवासी दुजई 15 मई को जंगल में जानवर चरा रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी श्रीराम की भैंस से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि भैंस ने दुजई को पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का कहना है कि इसके बाद श्रीराम ने डंडे से उनकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद परिजन घायल बुजुर्ग को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले गए थे, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उन्हें वापस घर लाना पड़ा। बाद में उनका इलाज लखीमपुर के सरकारी अस्पताल में चल रहा था, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी पूरे दिन घटना को लेकर चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post