Top News

नेपाल जाने वालों को बड़ी राहत: अब बॉर्डर पर नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन

भारत से नेपाल यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नेपाल सरकार ने सीमा पर वाहनों की एंट्री प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर दी है। इससे अब यात्रियों को बॉर्डर पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
नेपाल सरकार के इस फैसले के तहत अब भारत से नेपाल जाने वाले वाहन मालिक ऑनलाइन ही अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। पहले जहां एंट्री पास के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ता था, अब वह पूरी प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है।
नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने बुधवार, 6 मई को इस ऑनलाइन सेवा की शुरुआत की। सरकार का कहना है कि इससे पर्यटकों और यात्रियों की आवाजाही तेज और सुविधाजनक होगी।
नई व्यवस्था में एक और बड़ी सुविधा यह दी गई है कि यदि नेपाल में वाहन की अनुमति अवधि खत्म हो जाती है, तो अब कस्टम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वाहन मालिक ऑनलाइन ही अपने पास का नवीनीकरण (रिन्यू) कर सकेंगे। कस्टम विभाग के महानिदेशक श्याम प्रसाद भंडारी के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया गया है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इस प्रकार है—
सबसे पहले नेपाल कस्टम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://nnsw.gov.np/tiv/gen⁠� पर जाएं। इसके बाद “हमारी सेवाएं” सेक्शन में जाकर TIV (अस्थायी वाहन आयात) विकल्प चुनें। वहां मांगी गई जानकारी भरने के बाद रजिस्ट्रेशन पूरा करें। रजिस्ट्रेशन के बाद एक क्यूआर कोड मिलेगा, जिसके माध्यम से फीस जमा की जा सकती है। नेपाल सीमा में प्रवेश के समय यही क्यूआर कोड दिखाना होगा, जिससे बिना लाइन में लगे आसानी से एंट्री मिल जाएगी।
इस नई व्यवस्था से भारत-नेपाल सीमा पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक हो जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post