लखीमपुर खीरी। विधानसभा 2026 के चुनाव में पश्चिम बंगाल से बीजेपी की प्रचंड जीत के रुझान आने पर पूरे देश के साथ लखीमपुर जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। सोमवार को जैसे ही बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बढ़त मिलनी शुरू हुई, पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय पर आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
इसके साथ ही शाहपुरा कोठी के सामने स्थित भाजपा के संसदीय कार्यालय पर ढोल-नगाड़ों के साथ बंगाल की जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जीत की खुशी में झूमते नजर आए। वहीं जिले के अलग-अलग कस्बों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर और मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
इस विधानसभा चुनाव में बंगाल की जीत में लखीमपुर का नाम भी चर्चा में रहा है। जनपद से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रहे अजय मिश्रा "टेनी" को बंगाल के एक बड़े हिस्से के चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस जिम्मेदारी के चलते वे पिछले करीब चार महीने से लगातार बंगाल में ही प्रवास कर रहे हैं।
चुनाव संपन्न होने के बाद वे केवल दो दिन के लिए ही अपने गृह जनपद आए थे और मतगणना से एक दिन पूर्व ही फिर से बंगाल पहुंच गए। वर्तमान में वे वहीं रहकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव परिणामों पर नजर बनाए हुए हैं।
छह राज्यों के विधानसभा चुनाव में बंगाल व असम में बीजेपी प्रचंड जीत की ओर अग्रसर है, वहीं पुड्डुचेरी में भी चौथी बार एनडीए की सरकार बननी तय मानी जा रही है। इन रुझानों से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और जीत का जश्न लगातार जारी है।
Post a Comment