निघासन-खीरी। ब्लॉक निघासन के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों, शिक्षा मित्रों व अनुदेशकों ने अपनी जनगणना ड्यूटी अपने ही क्षेत्र में लगाने की मांग को लेकर तहसीलदार दिव्यांशू शाही और नगर पंचायत निघासन खीरी के अधिशासी अधिकारी को संबोधित मांग पत्र नगर पंचायत कर्मी को सौंपा है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में जनगणना ड्यूटी उनके ब्लॉक से दूरस्थ क्षेत्रों में लगाई गई है, जिससे कार्य संपादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में पहले से ही बीएलओ (BLO) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और अपने क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक व पारिवारिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी जनगणना ड्यूटी उनके स्वयं के क्षेत्र में लगाई जाती है, तो कार्य अधिक सुचारू और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से किया जा सकता है। साथ ही अनावश्यक परेशानियों से भी बचा जा सकेगा।
उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जनगणना ड्यूटी को उनके कार्यक्षेत्र में ही लगाया जाए, जिससे कार्य निष्पादन बेहतर तरीके से संभव हो सके।
Post a Comment