लखीमपुर खीरी।
कक्षा 1 की छात्रा मानवी सिंह द्वारा वीडियो जारी कर जिलाधिकारी से की गई गुहार का असर तुरंत देखने को मिला। बच्ची ने सलेमपुर कोन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक स्कूल के पास जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर अपनी समस्या साझा की थी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसी रास्ते पर सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान सेंटर, अंबेडकर पार्क और पानी की टंकी स्थित है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीडियो के संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को साथ लेकर प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए और समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
डीएम के इस त्वरित और संवेदनशील कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब जल्द ही उन्हें जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
Post a Comment