Top News

साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में सिम कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक दस्तावेज, फिंगर प्रिंट डिवाइस सहित 61 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह के पास से एक कार भी सीज की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गुरुवार को साइबर थाना पुलिस ने खमरिया क्षेत्र के एक मकान पर छापा मारा। यहां साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ साइबर थाना खीरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरोह गांवों के गरीब और भोले-भाले लोगों को आयुष्मान कार्ड तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड, दस्तावेज और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करता था। इसके बाद उनके नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनसे जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में रख लेते थे। आरोपी ऑनलाइन वॉलेट अकाउंट भी बनवाते थे और उन्हें बिग विनर समेत अन्य बैटिंग एप्स से जोड़ देते थे। इन खातों के जरिए देशभर में होने वाली साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी। इसके बदले गिरोह के सदस्य कमीशन लेते थे।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई में जिन लोगों के नाम से खाते और सिम कार्ड जारी होते थे, वे ही जांच के घेरे में आते थे, जबकि गिरोह के मुख्य संचालक खुद को बचाने में सफल रहते थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने अनिल वर्मा निवासी सीतापुर, सर्वेश कुमार निवासी ईसानगर, राहुल राज, दीपक कुमार, अमित रंजन, संजय कुमार, हरीश कुमार, अमर सिंह, शिवम पाण्डेय, हरीश कुमार गौतम, कपिल तथा अवधेश को गिरफ्तार किया है।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1494 सिम कार्ड, 112 आयुष्मान कार्ड, 27 एंड्रायड मोबाइल फोन, 26 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, फिंगर प्रिंट रीडर डिवाइस, पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज और 61 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त होंडा अमेज कार को भी सीज कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post