Top News

दुधवा में दिखा दुर्लभ कॉमन ब्रॉन्जबैक ट्री स्नेक, वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह

बेलरायां- खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज में पक्षी सर्वेक्षण के दौरान दुर्लभ प्रजाति का कॉमन ब्रॉन्जबैक ट्री स्नेक दिखाई देने से वन्यजीव प्रेमियों और शोधकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञ इसे दुधवा की समृद्ध और संतुलित जैव विविधता का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मोटिवेटर नाजरून निशा बेलरायां रेंज के ग्रासलैंड क्षेत्र में बर्ड सर्वे कर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर एक दुर्लभ प्रजाति के सर्प पर पड़ी। वन्यजीवों और विशेष रूप से सर्प संरक्षण एवं रेस्क्यू कार्यों में रुचि रखने वाली नाजरून निशा ने तुरंत उसकी तस्वीरें और वीडियो सुरक्षित किए।
बाद में वन्यजीव विशेषज्ञों द्वारा गहन अध्ययन के बाद सर्प की पहचान कॉमन ब्रॉन्जबैक ट्री स्नेक के रूप में की गई। विशेषज्ञों के मुताबिक यह सर्प अपने पतले शरीर, भूरे-तांबे जैसे रंग और पेड़ों पर रहने की विशेष आदत के लिए जाना जाता है। यह पेड़ों की टहनियों के बीच तेजी से चलने और वातावरण में आसानी से घुल-मिल जाने की क्षमता रखता है, जिससे इसे पहचानना काफी मुश्किल होता है।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की दुर्लभ प्रजातियों का मिलना दुधवा क्षेत्र के स्वस्थ वन पर्यावरण और जैव विविधता की मजबूती को दर्शाता है।
सोशल मीडिया स्रोत से सर्वेश शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post