तिकुनिया-खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित खखरोला बॉर्डर पर एसएसबी ने जांच के दौरान एक युवक के पास से 12 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद युवक को नकली नोटों सहित तिकुनिया पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे कस्बा सिंगाही निवासी अनुज कुमार नेपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान खखरोला एसएसबी पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान जवानों ने उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में बैग से 12 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
एसएसबी खखरोला पोस्ट प्रभारी मेघराज सिंह ने बताया कि युवक से काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके बाद रविवार को उसे बरामद नकली नोटों समेत कोतवाली तिकुनिया पुलिस को सौंप दिया गया।
वहीं कोतवाली तिकुनिया इंस्पेक्टर पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि एसएसबी की ओर से युवक को 12 हजार रुपये के नकली नोटों सहित पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपी अनुज कुमार के खिलाफ नकली नोट रखने एवं संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment