Top News

निघासन में भीषण अग्निकांड: लुधौरी के बंगलहा राज में दस घर जलकर राख,

निघासन-खीरी। क्षेत्र के लुधौरी मजरा स्थित बंगलहा राज में मंगलवार शाम अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दस घर जलकर राख हो गए। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और गुड्डू, जमुना, रामू, राजेश, संदर्भ, रामपाल, विनायक, अयोध्या समेत कई ग्रामीणों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में घरों में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय अधिकांश लोग खेतों में काम करने गए हुए थे। ऐसे में आग लगने की सूचना मिलते ही लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि लोग अपने घरों से सामान तक नहीं निकाल सके।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट तहसील मुख्यालय को भेज दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post