निघासन (खीरी)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की निघासन ब्लॉक इकाई की ओर से शनिवार को ब्लॉक सभागार में शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित शिक्षकों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ रहे।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक राममनोरथ, बलवीर सिंह, अपराजिता लाहिड़ी और विजय कुमार को माल्यार्पण, वेलकम बैज एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष प्रतीक दीक्षित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद मिश्रा (फूलबेहड़ ब्लॉक) और हनुमतशरण तिवारी (नकहा ब्लॉक) के स्थानांतरण पर उन्हें भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन भगवतशरण ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों का परिचय देते हुए उनके शैक्षिक योगदान की सराहना की। बताया कि अपराजिता लाहिड़ी ने वर्ष 1986 में बहराइच से सेवा प्रारंभ की थी, जबकि विजय कुमार और बलवीर सिंह ने वर्ष 1991 में अध्यापक पद संभाला। राममनोरथ ने वर्ष 2009 में अपनी सेवाएं शुरू की थीं।
मुख्य अतिथि अजय मिश्रा ‘टेनी’ ने शिक्षकों के योगदान को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षकों को रामचरितमानस की पुस्तक, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिसमें सर्वसम्मति से राजीव पांडे को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष का अतिथियों एवं शिक्षकों ने स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव त्रिपाठी, जिला मंत्री मनोज शुक्ला, संजय मिश्रा, शिवसेवक, राजनीश वर्मा, विमल मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा, अभिषेक श्रीवास्तव, धर्मेंद्र मौर्य, राहुल भदौरिया, शहजाद आलम, नंदकिशोर यादव सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
तराई की आवाज से आशीष गुप्ता की रिपोर्ट
Post a Comment