Top News

देवीदीन पुरवा में भीषण आग, पांच घर जलकर राख


लखीमपुर खीरी निघासन क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरोठा के मजरा देवीदीन पुरवा में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पांच घर जलकर पूरी तरह राख हो गए।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे बहादुर के घर से आग की शुरुआत हुई। देखते ही देखते आग ने बहादुर, राम खेलावन, दिनेश कुमार, सोबरन और विजय पाल के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। झंडी चौकी प्रभारी राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल जगदीश प्रसाद ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया।

आगजनी में सोबरन की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। इसके अलावा एक इंजन और राम खेलावन का एक इंजन भी आग की भेंट चढ़ गया। घरों में रखी नगदी, कपड़े, अनाज समेत अन्य घरेलू सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
तराई की आवाज के साथ मोबीन अहमद की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post