पलिया कलां-खीरी।
दुधवा नेशनल पार्क की दक्षिण सोनारीपुर रेंज में सोमवार को एक जंगली हाथी मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। यह मामला छोटा पलिया बीट के कक्ष संख्या-1 का है, जहां नियमित गश्त के दौरान फील्ड स्टाफ की नजर एक हाथी पर पड़ी।
प्रारंभिक तौर पर हाथी में कोई हलचल न दिखने पर टीम पास पहुंची, जहां जांच करने पर वह मृत पाया गया। निरीक्षण के दौरान वन विभाग को हाथी के पेट पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। इन निशानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि नर हाथी की मौत किसी अन्य जंगली हाथी के साथ हुए आपसी संघर्ष के कारण हुई है।
वन अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास पिछले कई दिनों से करीब 29 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा था। मृत हाथी उसी दल का सदस्य बताया जा रहा है। यह दल दो दिन पहले दुधवा रेंज की सरौता बीट के नकौआ नाले के पास देखा गया था, जबकि एक दिन पहले दक्षिण सोनारीपुर रेंज के अमला ताल क्षेत्र में भी यह दल सक्रिय था। उस समय मृत हाथी पूरी तरह स्वस्थ नजर आया था, जिससे स्पष्ट है कि उसकी मृत्यु हाल ही में हुई है।
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड डायरेक्टर, दुधवा टाइगर रिजर्व के निर्देश पर मृत हाथी के शव का पोस्टमार्टम पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार पशु चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया जा रहा है।
फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और हाथियों के दल की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
तराई की आवाज से वन एवं पर्यावरण प्रभारी सर्वेश शर्मा की रिपोर्ट
إرسال تعليق