सिंगाही-खीरी। कस्बे से दिल्ली मजदूरी करने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के चौथे दिन शव घर पहुंचने पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड नंबर तीन मोहल्ला बाढियन टोला निवासी विशाल (24) अपने भाई शैलेंद्र के साथ दिल्ली के बिजवासन स्थित एलएनटी कंपनी में मजदूरी करने गया था। बीते रविवार को कुछ मजदूरों का ठेकेदार वीरेंद्र के भाई देवेंद्र से विवाद हो गया था। दिन में हुए विवाद का निपटारा हो गया था, लेकिन उसी रंजिश में रात करीब आठ बजे अनिल नाम के मजदूर ने अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ शैलेंद्र और उसके साथियों पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड और सरियों से किए गए हमले में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज दिल्ली में चल रहा है।
घटना के समय विशाल का भाई शैलेंद्र कमरे पर था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, तब तक विशाल दम तोड़ चुका था। सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस के कापसहेड़ा थाने की टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव शैलेंद्र को सौंप दिया। मंगलवार रात शव सिंगाही स्थित पैतृक आवास पहुंचा, जहां बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शैलेंद्र के अनुसार कापसहेड़ा पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
إرسال تعليق