कस्बा सिंगाही खीरी वेब सीरीज़ का पोस्टर
संपादक: प्रेम बाजपेई | चीफ क्रिएटर: मसरूर खान (एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)
निघासन-खीरी।तराई की माटी से निकले एक कलाकार ने अपने हुनर के दम पर न सिर्फ क्षेत्र का नाम रोशन किया, बल्कि अब अपने ही कस्बे पर आधारित वेब सीरीज़ बनाकर उसे देश-दुनिया के मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
कस्बा सिंगाही (खीरी) के नाम पर बनी नई वेब सीरीज़ “कस्बा सिंगाही खीरी” एक दमदार क्राइम-एक्शन ड्रामा के रूप में सामने आ रही है। यह सीरीज़ रैप, स्ट्रीट राइवलरी, अपराध और स्थानीय राजनीति के ताने-बाने को बखूबी दर्शाती है। इसकी रिलीज डेट 16 अप्रैल 2026 घोषित की गई है और यह Kable One OTT प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी।
स्थानीय कलाकार की बड़ी उड़ान
कस्बे से सटे मांझा गांव के रहने वाले पंजाबी गायक व कलाकार भिंडा औजला इस सीरीज़ में लीड रोल में नजर आएंगे। एक छोटे से गांव से निकलकर पंजाब के म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बनाने वाले भिंडा औजला ने अब अभिनय की दुनिया में भी मजबूत कदम रखा है।
करीब 18 साल पहले मांझा से चंडीगढ़ पहुंचे भिंडा औजला ने अपने संघर्ष और प्रतिभा के बल पर पॉप संगीत की दुनिया में खास मुकाम हासिल किया। उनके पिता स्वर्गीय पाल सिंह सेना से रिटायर्ड सूबेदार थे। शुरुआती पढ़ाई सिंगाही के राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज से पूरी करने के बाद उन्होंने अपने सपनों की उड़ान भरी।
असली लोकेशन पर हुई शूटिंग
भिंडा औजला ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने स्क्रिप्ट सुनते ही तय कर लिया था कि शूटिंग पूरी तरह वास्तविक लोकेशनों पर ही होगी।
उन्होंने कहा—
“सिंगाही से बेहतर लोकेशन कोई हो ही नहीं सकती। हमने शुरुआत में ही तय किया कि इसे रियल लोकेशन पर शूट करेंगे, ताकि दर्शकों को असली माहौल महसूस हो।”
सीरीज़ की शूटिंग सिंगाही के कई प्रमुख स्थानों पर हुई है, जिनमें राजमहल, काली मंदिर, मांझा पुल, जौराहा नदी, स्थानीय क्लीनिक और थाना परिसर शामिल हैं। जंगलों और सीमित संसाधनों के बीच शूटिंग करना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन इससे कहानी में वास्तविकता और गहराई आई।
दमदार स्टार कास्ट
इस वेब सीरीज़ में
विशाल आदित्य सिंह
भिंडा औजला
एरा मोर
मोनिका राठौर
महिर पांधी
जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह कहानी बलिया के एक छोटे कस्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें स्थानीय राजनीति, अपराध और दबदबा बनाने की जद्दोजहद को दिखाया गया है, जबकि शूटिंग सिंगाही (खीरी) की वास्तविक लोकेशन पर की गई है।
संगीत से शुरू हुआ सफर
भिंडा औजला की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। उनका पहला ऑडियो एल्बम “यार ग्लासी” 2007 में रिलीज हुआ, जिसे पाकिस्तान के गायक कामरान अहमद ने तैयार कराया था। इसके बाद उन्होंने 2008 में मशहूर पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल के साथ “चांदी दा छल्ला” एल्बम में काम किया, जिसने उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बना दिया।
इसके बाद “यंगस्टर” जैसे प्रोजेक्ट्स में काम करते हुए उन्होंने करीब 300 गानों में अपनी आवाज दी। उनका नया एल्बम “वायरलेस” भी जल्द रिलीज होने वाला है, जिसका गाना इन दिनों यूट्यूब पर ट्रेंड कर रहा है।
तराई की आवाज से एडिटर एंड चीफ मसरूर खान से हुई फोन वार्ता पर बिंदा औजला ने बताया कि यह वेब सीरीज कर और फल पर आधारित है जैसा करोगे वैसा फल मिलेगा और इसमें जरायम की दुनिया के काला-बग्घा के किरदार को निभाया गया है उन्होंने फोन हुई वार्ता में सुनील बत्रा, परमजीत सिंह पम्मी डॉक्टर एन यू खान यूनुस साइकल वाले सहित कई लोगों का नाम लेकर उन्होंने सहयोग करने बात कही इसके अलावा उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ाने और नशे से दूर रहने के लिए कहा और ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी वेब सीरीज कस्बा सिंगाही खीरी को शेयर करने और ज्यादा से ज्यादा केवल वन पर देखने के लिए अपील की।
फिलहाल क्षेत्र में उत्साह का माहौल
वेब सीरीज़ की रिलीज डेट की घोषणा के बाद पूरे सिंगाही और आसपास के क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर युवाओं में इसको लेकर जबरदस्त क्रेज है।
स्थानीय कलाकार की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे कस्बों और गांवों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है—जरूरत है तो सिर्फ अवसर और हौसले की।
إرسال تعليق