Top News

स्मार्ट मीटर से परेशान हुए उपभोक्ता, घर की लाइट कटी, बिजली घर के चक्कर लगाने को मजबूर


सिंगाही (खीरी)। कस्बे के लोग इस समय बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर परेशान हो गए हैं। यहां किसी का नंबर अपडेट नहीं है तो किसी को कोई मैसेज नहीं मिल रहा है। बेचारे लोग नए स्मार्ट मीटर के दाव पेंच में फंसकर रह गए हैं। जब अधिकारियों के पास चक्कर लगाते हैं तो अधिकारियों को खुद समझ नहीं आता मदद कैसे की जाए।
कस्बे में लगाए गए स्मार्ट मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली कटने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर बकाया राशि को लेकर उत्पन्न हो रही विसंगतियों से उपभोक्ता खासे नाराज़ हैं। कस्बे के वार्ड संख्या चार की निवासी सुषमा ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर जबरन स्मार्ट मीटर लगा गए। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को बिजली कटने पर उन्होंने 500 रुपये जमा किए, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हुई। लेकिन चार दिन बाद ही मीटर में 1052 रुपये का बकाया दर्शाते हुए फिर से बिजली काट दी गई।
इसी वार्ड की सावित्री के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के समय उनके मीटर में 190 रुपये माइनस दिखाया जा रहा था। उन्होंने 400 रुपये जमा भी किए, इसके बावजूद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। वहीं, वार्ड संख्या चार की रानी ने बताया कि उन पर पूर्व में 8000 रुपये का बकाया था, जिसके लिए किस्त निर्धारित हुई थी। उन्होंने पहली किस्त के रूप में 2000 रुपये जमा किए। इसके बाद स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर उन्होंने 900 रुपये और जमा किए, लेकिन इसके बावजूद मीटर में 13,925 रुपये का बकाया दिखाकर बिजली काट दी गई। वार्ड संख्या चार के इन सभी उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच बिजली कटौती ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की है कि बकाया राशि की सही जांच कर समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। एसडीओ निशांत कुशवाहा ने बताया कि  उपभोक्ताओं का बैलेंस माइनस में चला गया है। ऐसे में उनकी बिजली स्वत: बंद हो गई है। उपभोक्ता समय-समय पर मीटर का बैलेंस चेक करते रहें और जरूरत अनुसार रिचार्ज कराते रहें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो

Post a Comment

أحدث أقدم