सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। थाना क्षेत्र के गांव सिन्हौना में धर्मांतरण, प्रेम प्रसंग और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने स्थानीय युवक पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने, उसकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
शुक्रवार को सिन्हौना निवासी किरन देवी पत्नी नेतराम ने सिंगाही पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव का ही श्यामू पुत्र गया प्रसाद करीब तीन वर्ष पहले उसके संपर्क में आया था। उसने उसे ईसाई मिशनरी से जुड़ने के लिए कहा। महिला के मुताबिक, पहले उसने इनकार किया, लेकिन बाद में तीन लाख रुपये प्रतिमाह दिलाने का लालच दिया गया, जिसके बाद वह मिशनरी से जुड़ गई। इस दौरान उसकी बेटी मनीषा को मिशनरी की ओर से दिल्ली और कानपुर भेजा गया।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान श्यामू ने उसकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। बाद में उसे कानपुर से लाकर दुबहा में एक निजी चिकित्सक के यहां काम पर लगवा दिया। करीब दो महीने पहले बेटी के साथ मारपीट की गई, जिससे परेशान होकर उसने सितंबर में जहरीला पदार्थ खा लिया। निघासन और लखनऊ में उपचार के दौरान 25 सितंबर 2026 को उसकी मौत हो गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बेटी की मौत के बाद उसके पति की हालत बिगड़ गई। इस दौरान उन्हें नशे का इंजेक्शन देकर और परिवार पर दबाव बनाकर अंतिम संस्कार करा दिया गया, जिसके चलते वह उस समय पुलिस में शिकायत नहीं कर सकी। आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार परिवार को धमकियां दे रहा है।
इस संबंध में सिंगाही थानाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

إرسال تعليق