मोबीन अहमद
निघासन (लखीमपुर खीरी)। सिविल कोर्ट परिसर में निघासन सिविल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज प्रदीप कुशवाहा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल जज दिव्यांशु सैनी तथा बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ला मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रदीप कुशवाहा ने अध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता, महामंत्री उपेन्द्र कश्यप, उपाध्यक्ष राकेश कुमार वैश्य और कनिष्ठ उपाध्यक्ष नईम खान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं अजय कुमार शुक्ला ने कोषाध्यक्ष लालता प्रसाद मिश्रा, संयुक्त मंत्री शमशाद अहमद, गौरव जायसवाल, सत्येंद्र पाण्डेय सहित गवर्निंग काउंसिल के सदस्यों प्रेम कन्हैया, मायाराम, हेमंत शुक्ला और कार्यालय प्रभारी दीपक कुमार गिरी को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर एसडीएम निघासन राजीव निगम एवं प्रभारी तहसीलदार दिव्यांशु शाही भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय कुमार शुक्ला ने अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान अधिवक्ताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित कवि सम्मेलन ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया, जिसमें आमंत्रित कवियों आलोक गंजरहा, प्रियांशी बरनवाल, संदीप कटियार, अवधेश विश्वकर्मा और राहुल लाडला ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में संरक्षक ध्रुव सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता सुबोध पांडे, तहसील अधिवक्ता संघ अध्यक्ष चन्द्रकेश मिश्रा, मंत्री मो. लतीफ खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
Post a Comment