Top News

निघासन के बरोठा गांव में तेंदुए का हमला, खेत में घास काट रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल

          तेंदुए के हमले से घायल बुजुर्ग
निघासन खीरी | क्षेत्र के बरोठा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में घास काट रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग रोज अली पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में रोज अली गंभीर रूप से घायल हो गए।   
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोज अली रोज की तरह सुबह अपने खेत पर घास काटने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग लहूलुहान होकर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ खेतों से होता हुआ पास के जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घायल रोज अली को तत्काल निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सीएचसी के डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर, गर्दन और हाथ पर गहरे जख्म हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे बरोठा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की आहट सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तत्काल पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए और इलाके में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। वन क्षेत्राधिकारी मोबीन आरिफ ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति अकेले खेतों या जंगल के किनारे न जाए। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और समूह में ही खेतों पर जाएं। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और तेंदुए की तलाश में कांबिंग और पिंजरा लगाने की।कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post