तिकुनियां। मां सुथना देवी मंदिर पर 19 अप्रैल से प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना समारोह का आयोजन होगा।24 अप्रैल को भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
मंदिर के महंत ब्रजेश गिरि ने बताया कि प्रांगण में स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग का पुनरस्थापना एवं राधा कृष्ण जी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया है।
उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिन जलयात्रा, पंचांग पूजन,मंडप प्रवेश,वेदी पूजन और मूर्तियों को जल से ढका जायेगा। द्वितीय दिवस मूर्तियों को जल से निकालकर पूजन और मूर्तियों को अनाज,चीनी व ग़ुड़ से ढका जायेगा। तृतीय दिवस में मूर्तियों को गंध,पुष्प,धूप,वस्त्र, फल,मिष्ठान और औषधि से ढका जायेगा। चतुर्थ दिवस में मूर्तियों को स्नान कराकर शोभायात्रा निकाली जाएगी और शयन कराया जाएगा। पंचम दिवस में मूर्तियों को जगाना,मूर्तियों में न्यास,मंदिर में स्थापना,प्राण प्रतिष्ठा होगी। 24 अप्रैल को भव्य भंडारा होगा।
महंत ब्रजेश गिरि ने बताया कि यज्ञाचार्य विभूकृष्ण तिवारी की देखरेख में यह समारोह संपन्न होगा।
Post a Comment