मसरूर खान
निघासन-खीरी। क्षेत्र के गांव उमरा अंतर्गत नया पुरवा में जंगली जानवर द्वारा मासूम दिलसाद की मौत हो गयी थी। रविवार को पूर्व विधायक व राष्ट्रीय सचिव आर.एस. कुशवाहा ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने चार वर्षीय मासूम दिलशाद की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पूरी तरह से परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।
आर.एस. कुशवाहा ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत की और घटना की पूरी जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे से अवगत कराया और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन एवं वन विभाग की टीम पहले ही सक्रिय हो चुकी है और क्षेत्र में जांच के साथ-साथ निगरानी बढ़ा दी गई है।
कुशवाहा ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली जानवर को जल्द पकड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष भंडारी यादव, श्रवण यादव, सरदार गुरुदेव सिंह, सफीक अहमद, सत्यनारायण, नजर अली, वसी अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Post a Comment