तिकुनियां-खीरी। क्षेत्र के समुचित विकास और कस्बे में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। व्यापार मंडल ने कस्बे की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए उनके निराकरण की मांग की।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश कंछल और कोषाध्यक्ष आनन्द अग्रवाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तिकुनिया की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापार मंडल की ओर से प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को भी पत्र भेजकर कस्बे की समस्याओं और विकास की आवश्यकताओं से अवगत कराया गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश कंछल ने बताया कि तिकुनिया कस्बा लंबे समय से कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर निर्धारित सभी शर्तें पूरी करने के बाद तिकुनिया को नगर पंचायत बनाने की फाइल लंबित है। नगर पंचायत का गठन होने से कस्बे में विकास कार्यों को गति मिलने और विभिन्न समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि बीते 15 सितंबर को मुख्यमंत्री जनता दरबार में तिकुनिया उद्योग व्यापार मंडल की ओर से क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा गया था। इसके बाद कई विभागों के अधिकारियों ने कस्बे का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जबकि तहसील प्रशासन की ओर से भी अपनी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के विकास और नगर पंचायत गठन की मांग को लेकर अगले सप्ताह व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल नगर विकास मंत्री से भी मुलाकात करेगा। व्यापार मंडल ने शासन से तिकुनिया की समस्याओं के शीघ्र समाधान और नगर पंचायत गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment