तिकुनिया (लखीमपुर खीरी)। बेलरायां रेंज के बनवीरपुर गांव में बछड़े का शिकार करने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में गुरुवार सुबह एक तेंदुआ फंस गया। वन विभाग की टीम तेंदुए को पिंजरे समेत रेंज मुख्यालय ले गई।
गौरतलब है कि बीते 15 अक्टूबर को बनवीरपुर गांव में एक किसान के पशुबाड़े में घुसकर तेंदुए ने बछड़े का शिकार कर लिया था। घटना के बाद इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए थे।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे दीपनगर में लगाए गए पिंजरे में बंधी बकरी को शिकार बनाने के लालच में तेंदुआ पिंजरे के अंदर पहुंच गया और उसमें कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे रेंज मुख्यालय ले गई।

Post a Comment