सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। मुखबिर की सूचना पर खनन विभाग की टीम ने सोमवार तड़के छापेमारी कर सिंगाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंगहा से एक जेसीबी और मिट्टी से भरी दो ट्रालियां सीज कर पुलिस के सुपुर्द कर दीं। वहीं, तिकुनिया क्षेत्र में बालू से भरी एक ट्राली को भी सीज कर पुलिस के हवाले किया गया है।
खनन अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। रविवार रात मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सोमवार तड़के बताए गए स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान सिंगाही थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंगहा में अवैध खनन में लगी एक जेसीबी और मिट्टी से भरी दो ट्रालियां मिलीं। टीम ने तीनों वाहनों को सीज कर सिंगाही पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके अलावा तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में बालू से भरी एक ट्राली को पकड़कर सीज करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। खनन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment