Top News

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी सिंगाही में पुलिस ने हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

 

सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत सोमवार को सिंगाही पुलिस ने राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराध से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन के बारे में बताया गया।

पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को थाना सिंगाही स्थित महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्हें गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए किसी भी तरह के उत्पीड़न या असहज स्थिति में बिना डरे अभिभावकों, विश्वसनीय व्यक्तियों अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में यूपी कॉप ऐप और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा से बचाव, महिलाओं के कानूनी अधिकारों और ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए।

पुलिस ने छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित करते हुए महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post