Top News

सड़क हादसे में जान गंवाने वाली नर्सिंग छात्रा समेत दो के शव गांव पहुंचे, परिजनों में मचा कोहराम पलिया-भीरा रोड पर रपटा पुल के पास हुआ था दर्दनाक हादसा, तीन लोगों की गई थी जान

 

निघासन-खीरी। पलिया-भीरा रोड पर रपटा पुल के पास शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली नर्सिंग छात्रा क्रांति देवी और रामजीवन के शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम गांव पहुंचे। शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, निघासन क्षेत्र के बोझिया के वार्ड नंबर तीन स्थित चंद्रगुप्तनगर निवासी रामखिलावन की पुत्री क्रांति देवी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं। वह भीरा के संतगढ़ स्थित वन बीट कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में अध्ययनरत थीं। हादसे में जान गंवाने वाले रामजीवन पुत्र सोनेलाल भी इसी क्षेत्र के निवासी थे।

बताया जाता है कि रामजीवन शनिवार को किसी काम से भीरा गए थे। काम निपटाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों नर्सिंग छात्राएं भी उनके साथ बाइक पर सवार थीं। पलिया-भीरा रोड पर रपटा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। नर्सिंग की पढ़ाई कर रही क्रांति देवी की असमय मौत से परिवार की उम्मीदों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post