Top News

मोहाना का बढ़ा जलस्तर, दुर्गा मंदिर के सामने गैवियान डूबे कटान से नौ घरों पर मंडरा रहा खतरा, डीएम ने किया निरीक्षण; सिंचाई विभाग को काम तेज करने के निर्देश

 


तिकुनियां-खीरी। भारत-नेपाल सीमा से सटी ग्राम पंचायत जसनगर में मोहाना नदी का जलस्तर बढ़ने से दुर्गा मंदिर के सामने लगाए गए गैवियान पानी में डूब गए हैं। इसके साथ ही नदी का कटान भी लगातार जारी है। बुधवार को जिलाधिकारी खीरी अंजनी कुमार सिंह ने कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर सिंचाई विभाग की ओर से कराए जा रहे बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कर्णाली और मोहाना नदियों के कटान से क्षेत्र में लगातार संकट बना हुआ है। जसनगर में नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण गैवियान डूब गए हैं। इससे पहले से बनाई गई पत्थर की ठोकरों के अगले हिस्से भी बैठने लगे हैं। नदी बंधे के समानांतर बहते हुए कश्यपनगर और नयापिंड की ओर बढ़ रही है।

जसनगर कार्यस्थल से करीब दो सौ मीटर पूरब बनी पुलिया, जो ठोकर का काम करती थी, पूरी तरह नदी में समा चुकी है। इस ओर बंधे को बचाने के लिए भी फिलहाल कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में नदी का रुख कभी भी बंधे की ओर होने से खतरा बढ़ सकता है।

कटान की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार दोपहर एक बजे के बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह जसनगर पहुंचे। उन्होंने सिंचाई विभाग की ओर से चल रहे बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद कटान के मुहाने पर खड़े नौ घरों की दहलीज तक जाकर नदी की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने सिंचाई विभाग और एसडीएम को नदी के जलस्तर व कटान पर लगातार पैनी नजर रखने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के साथ भोजन पानी का प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।


भाजपा नेता ने बांटी राहत सामग्री

इसी दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश्वर सिंह ने जसनगर पहुंचकर कश्यपनगर, नया पिंड समेत प्रभावित गांवों का दौरा किया और कटान पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की।

राजेश्वर सिंह ने कहा कि कटान से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर बसाने के लिए तहसील प्रशासन से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर कम होने के बाद स्थायी योजना तैयार कराकर समस्या के दीर्घकालिक समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post