Top News

गन्ने के खेत में मिले गोवंश के अवशेष, जांच में जुटी पुलिस एएसपी अमित कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए नमूने

 

मैलानी/लखीमपुर खीरी। मैलानी थाना क्षेत्र के बेलहइया गांव में गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामला बांकेगंज पुलिस चौकी क्षेत्र का है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों को गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष पड़े होने की जानकारी मिली। इसकी सूचना राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया को दी गई। जानकारी मिलते ही वह कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बरामद अवशेषों को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, कुछ अवशेषों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं शेष अवशेषों को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर दफन कराया गया।

घटना के बाद एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की गंभीरता से जांच कराने और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने भी मामले का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post