तिकुनिया-खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के जसनगर गांव में मोहाना नदी के तेज कटान से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को खीरी लोकसभा सांसद उत्कर्ष वर्मा ने जसनगर पहुंचकर कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और नदी की मौजूदा स्थिति को देखा।
मोहाना नदी लगातार गांव की ओर कटान कर रही है। नदी की तेज धार के चलते खेतों के साथ आबादी क्षेत्र पर भी खतरा मंडरा रहा है। कई ग्रामीण अपने घर और जमीन को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि कटान रोकने के लिए किए जा रहे इंतजाम नदी की धार के आगे टिक नहीं पा रहे हैं। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कई परिवारों के सामने अपना आशियाना बचाने का संकट खड़ा हो सकता है।
कटान की स्थिति देखने के बाद सांसद उत्कर्ष वर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से कटान रोकने के लिए किए जा रहे मौजूदा इंतजाम नाकाफी हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। केवल औपचारिक तौर पर किए जा रहे कार्यों से नदी के कटान को रोकना संभव नहीं है।
सांसद ने कहा कि मोहाना नदी के कटान से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीण लंबे समय से कटान की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्हें तत्काल राहत के साथ भविष्य के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से कटान प्रभावित परिवारों की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने और जरूरी कदम उठाने की बात कही।
ग्रामीणों ने सांसद के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए मांग की कि नदी के कटान को रोकने के लिए मजबूत तटबंध और अन्य प्रभावी तकनीकी उपाय किए जाएं। साथ ही, जिन परिवारों के घर नदी के कटान की जद में हैं, उनके लिए सुरक्षित स्थान पर विस्थापन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।
जसनगर में लगातार बढ़ रहे कटान को लेकर ग्रामीणों की चिंता के बीच सांसद के दौरे से एक बार फिर यह मुद्दा प्रशासन और शासन के सामने प्रमुखता से आया है। अब देखना होगा कि कटान रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।इस दौरान अशोक वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अनीस अहमद, सरदार गुरुदेव सिंह, सरदार नक्षत्र सिंह, मोहम्मद कलीम,दिल नवाज़ खान,मोहम्मद सैफ, राजेश वर्मा, रामनारायन वर्मा, हर्षित वर्मा, विनीत वर्मा सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

إرسال تعليق