निघासन-खीरी।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों और किसानों ने कस्बे में तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर यात्रा में भाग लिया। सिंगाही रोड से शुरू हुई यात्रा मेन चौराहा, ढखेरवा रोड होते हुए लुधौरी स्थित उपमंडी स्थल पहुंची।
मंडी स्थल पर किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा ने भी किसानों को संबोधित किया। उपजिलाधिकारी के समय पर नहीं पहुंचने से नाराज किसान धरने पर बैठ गए। कोतवाल गोपाल नारायण सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने। शाम साढ़े छः बजे पहुंचे उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह को किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 9 दिसंबर 2021 को समाप्त किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने की मांग की गई। किसानों ने पलिया से अदलाबाद तक शारदा नदी को सीधा कर बंधा निर्माण, खाद की खुले बाजार में बिक्री, उर्वरकों की कमी व कालाबाजारी रोकने तथा खाद, डीजल और पेट्रोल की कीमतों पर नियंत्रण की मांग उठाई।
इसके अलावा दुर्घटना में 25 लाख रुपये मुआवजा, 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन, जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए जंगलों में फेंसिंग, आत्महत्या रोकने के उपाय, बिजली विभाग में शोषण पर रोक, ट्यूबवेल कनेक्शन प्रक्रिया सरल करने और निजीकरण रोकने की मांग की गई। किसानों की भागीदारी से मंडी समितियों को मजबूत करने व फसल खरीद में तेजी लाने की मांग भी रखी गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन, जसपाल सिंह पल्ला, सुरेंद्र इकबाल सिंह, अमरजीत सिंह, पूर्व प्रधान रामपाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



Post a Comment