लखीमपुर खीरी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद खीरी में पुलिस विभाग द्वारा अत्यंत गरिमामय और अनुशासित समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह की अगुवाई _वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग_ ने की। दिन की शुरुआत SSP महोदया द्वारा कैम्प कार्यालय खीरी में ध्वजारोहण और राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ हुई। इसके पश्चात वे रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचीं जहां उन्होंने पुनः ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। राष्ट्रगान के साथ पूरे पुलिस लाइन्स परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
ध्वजारोहण के बाद SSP डॉ. ख्याति गर्ग ने समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को देश की एकता, अखण्डता एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखते हुए पूर्ण सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रभक्तों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के फलस्वरूप हमें जो आजादी मिली है वह हम सभी के लिए अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सेवा में पुलिस की भूमिका सबसे अहम है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को चाहिए कि वह संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए आम जनता का विश्वास और मजबूत करे तथा अपने आचरण से पुलिस विभाग की गरिमा को और ऊंचा उठाए। SSP ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारा दायित्व है कि हम देश की एकता को अक्षुण्ण रखते हुए ईमानदारी से आमजन की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करें।
इस अवसर पर जनपद खीरी पुलिस में सराहनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। निरीक्षक राजेश कुमार सिंह और निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। इसी प्रकार निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा और निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से नवाजा गया। उप निरीक्षक मोईनुल हक, गुरुचरण दास पाण्डेय और मुख्य आरक्षी होरी लाल को भी अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिला। उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और उप निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार वर्मा को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा रजत पदक प्रदान किया गया। मुख्य आरक्षी रामकृष्ण द्विवेदी, मुख्य आरक्षी श्रीमती पूजा देवी और मुख्य आरक्षी निषांक श्रीवास्तव को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। मुख्य आरक्षी विनय वर्मा को स्वर्ण पदक, आरक्षी संदीप कुमार को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और आरक्षी सुनील कुमार को उत्कृष्ट सेवा पदक देकर उनके योगदान को सराहा गया।
इसके साथ ही पीआरओ वालेन्द्र कुमार मिश्र, मीडिया सेल प्रभारी महेश चन्द्र, आईजीआरएस सेल प्रभारी ज्ञानेंद्र शर्मा, कोतवाली सदर प्रभारी राजेश कुमार सिंह, मानीटरिंग सेल प्रभारी राजेश सिंह और स्वाट टीम प्रभारी जयप्रकाश यादव सहित उनकी टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। SSP ने सभी सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी निष्ठा से सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के समापन पर SSP डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। उनके साथ अन्य पुलिसकर्मियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों और क्षेत्राधिकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस विभाग ने राष्ट्र की एकता, अखण्डता और संप्रभुता की रक्षा तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय, क्षेत्राधिकारी यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक पवन भाटी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।




Post a Comment