निघासन। निघासन-ढखेरवा मार्ग पर सिसैया के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार 60 वर्षीय भगवानदीन पुत्र परमेशुर की मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भगवानदीन के साथ बाइक पर मौजूद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक भगवानदीन बाइक पर पीछे बैठकर ढखेरवा से निघासन की ओर जा रहे थे। सिसैया के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि भगवानदीन के सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निघासन सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद भगवानदीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर जिमीदार बाइक चला रहे थे और उनकी पत्नी सफीकुल निशा पीछे बैठी थीं। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस भगवानदीन के साथ बाइक पर मौजूद फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

Post a Comment