निघासन (लखीमपुर खीरी)। मंगलवार को शारदा नदी की बाढ़ का जायजा लेने निकले निघासन एसडीएम यदुवीर सिंह की गाड़ी जलभराव वाले रपटा को पार करते समय अनियंत्रित होकर किनारे झुक गई। गाड़ी पलटने से बाल-बाल बची और एसडीएम समेत उनके साथ मौजूद राजस्व कर्मी भी बाल बाल बच गए।
एसडीएम यदुवीर सिंह मंगलवार को राजस्व निरीक्षक शशि प्रकाश तोमर और क्षेत्रीय लेखपाल श्वेता सिंह के साथ शारदा नदी की बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों का दौरा करने निकले थे। उन्होंने लुधौरी पहुंचकर बाढ़ राहत चौकी का निरीक्षण किया। इसके बाद वह रानीगंज की ओर रवाना हुए।
लुधौरी से निकलने के बाद पुरैना गांव जाने वाले रास्ते पर आगे बढ़े तो वहां रास्ते पर जलभराव का एरिया पार समय उनकी गाड़ी अचानक पानी में अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे झुक गई। गाड़ी पलटने की स्थिति में पहुंच गई, लेकिन चालक ने किसी तरह उसे संभाल लिया। हादसे में एसडीएम यदुवीर सिंह समेत सभी लोग बाल-बाल बच गए।
इसके बाद एसडीएम सुरक्षा गार्डों के साथ सड़क पर आए। गांव से ट्रैक्टर मंगवाकर नाले में फंसी गाड़ी को बाहर निकाला गया। गाड़ी निकलने के बाद एसडीएम दोबारा रानीगंज क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के लिए रवाना हो गए।
निघासन तहसील प्रभारी: दिलीप यादव की रिपोर्ट


Post a Comment