Top News

शारदा का पानी बढ़ा, दौलतापुर में दहशत

 


मझगई (लखीमपुर खीरी)। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही निघासन तहसील क्षेत्र के दौलतापुर गांव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गांव के निचले हिस्सों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कई घरों के बाहर पानी भर गया है, जबकि कुछ घरों के अंदर भी पानी पहुंचने लगा है।

बाढ़ का पानी स्कूल परिसर तक पहुंचने से शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार पानी बढ़ने से आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

उधर, सुरजी पुरवा गांव का संपर्क भी प्रभावित हो गया है। यहां पुलिया का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है और पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

बाढ़ के पानी से खेतों में खड़ी फसलें भी प्रभावित होने लगी हैं। गांव में संजय, रमाशंकर, पवन कुमार, देवतादीन और हरिशंकर समेत कई ग्रामीणों के घरों के आसपास पानी पहुंच चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने और आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है।।




बाढ़ के पानी से घिरे दौलतापुर गांव के घर।

Post a Comment

Previous Post Next Post