सिंगाही (लखीमपुर खीरी) शासन के निर्देश पर आज नगर पंचायत सिंगाही, जनपद खीरी में स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत "बंधन स्वच्छता" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम नगर पंचायत सिंगाही के प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में स्थानीय मदरसा अंजुमन इस्लामिया जूनियर हाई स्कूल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। बच्चों ने स्वच्छ भारत, कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सुंदर चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर बच्चों को कूड़ा प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। चार प्रकार के डस्टबिन - गीला कचरा, सूखा कचरा, हानिकारक कचरा और ई-कचरा के उपयोग और महत्व को समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि कचरे को अलग-अलग करके डस्टबिन में डालने से नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी, विद्यालय के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



Post a Comment