Top News

नाबालिग के घर से रुपये गायब होने पर खुला मामला, युवक पर लाखों रुपये लेने का आरोप

 


तिकुनियां-खीरी। थाना तिकुनियां क्षेत्र के बगिया मोहल्ले में एक व्यापारी ने मोहल्ले के ही युवक पर अपने कक्षा छह में पढ़ने वाले नाबालिग पुत्र को कथित रूप से प्रभाव में लेकर करीब डेढ़ साल तक अलग-अलग समय में लाखों रुपये लेने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी होने के बाद पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

बगिया मोहल्ला निवासी व्यापारी बजरंग गोयल के अनुसार, उनका पुत्र सौभाग्य गोयल पिछले करीब डेढ़ वर्ष से घर से चुपचाप रुपये ले जाकर आयुष मित्तल को देता रहा। पिता का आरोप है कि आयुष ने उनके नाबालिग पुत्र को कथित रूप से बहला-फुसलाकर और मानसिक दबाव में रखकर रुपये लिए।

बजरंग गोयल ने बताया कि करीब एक माह पहले उन्हें बेटे के इस तरह रुपये देने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने आयुष मित्तल और उसके परिवार से बातचीत कर रुपये वापस करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद नाबालिग और उसके परिवार को डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया तथा रुपये लौटाने से भी इनकार कर दिया गया।

पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में व्यापारी ने परिवार को मिल रही कथित धमकियों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनका पुत्र और परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने, आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके बारे में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया की मामले सत्यता जांचने के लिए दोनो पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post