Top News

दुकान का ताला तोड़ नकदी व सामान चोरी का दावा, पुलिस को संदिग्ध लग रही घटना।

सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के ऐली गांव में एक किराना दुकान का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये का किराना सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

बताया जाता है कि ऐली गांव निवासी नंदलाल की ऐली बाजार में बीर बाबा स्थान के पास किराने की दुकान है। नंदलाल के अनुसार, सोमवार की रात दुकान बंद कर घर जाते समय वह गल्ले में 15 हजार रुपये नकद छोड़ गए थे।

मंगलवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखे 15 हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये का किराना सामान गायब था।

नंदलाल ने घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी। ग्रामीणों की सलाह पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नंदलाल के बयान दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की।

प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे ने बताया कि रात के समय दुकान में 15 हजार रुपये नकद छोड़कर जाने की बात प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रही है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post