सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। उत्तर खीरी वन प्रभाग की बेलरायां रेंज के अंतर्गत मांझा गांव के पास बुधवार सुबह जौराहा नदी में भैंसों को पानी पिलाने गए किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ किसान को नदी में खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और नदी में किसान की तलाश शुरू कर दी।
मांझा फार्म निवासी रमेश सिंह (54) बुधवार सुबह अपनी भैंसों को पानी पिलाने जौराहा नाला/नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें पानी के अंदर खींच ले गया। किसान के साथ उनका बेटा भी मौजूद था। उसने पिता को बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, मगरमच्छ रमेश सिंह को नदी में खींचकर गायब हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र चौधरी और सिंगाही प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे पुलिस व वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्र में किसान की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Post a Comment