Top News

पुलिस मुठभेड़ में युवती की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 


लखीमपुर-खीरी। नीमगांव थाना पुलिस ने 20 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि कल ग्राम रायपुर बुजुर्ग में आरोपी उमाशंकर पुत्र सम्बारीलाल को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी बेहजम भेजा गया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, जिसकी नाल में खोखा कारतूस फंसा था, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया। मामले में थाना नीमगांव पर धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते 6 अगस्त को युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अगले दिन उसका शव गांव के गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। इसके बाद हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है।

Post a Comment

Previous Post Next Post