घटना स्थल पर मौजूद पुलिस
बेलरायां (लखीमपुर खीरी)। रविवार सुबह खेलते समय लापता हुए दो वर्षीय मासूम का शव बेलरायां-कड़िया मार्ग पर बनी पुलिया के नीचे बारिश के पानी से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, थाना सिंगाही क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर निवासी अंकित शर्मा का दो वर्षीय पुत्र शुभ शर्मा अपनी मां के साथ करीब चार दिन पहले कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र के ग्राम भेड़ौरी स्थित अपने ननिहाल आया था। रविवार सुबह वह घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बेलरायां पुलिस चौकी को भी सूचना दी।
तलाशी के दौरान बेलरायां-कड़िया मार्ग पर बनी पुलिया के नीचे बारिश के पानी में मासूम का शव मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तिकुनिया कोतवाली प्रभारी और सिंगाही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
Post a Comment