Top News

खीरी बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 52.95 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार, एसबी और खीरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बसही के पास पकड़ा, नेपाली बाइक और मोबाइल भी बरामद


 खीरी, 17 अगस्त 2026*  भारत-नेपाल सीमा से सटे खीरी जिले में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खीरी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना सम्पूर्णानगर क्षेत्र में हुई चेकिंग के दौरान 52.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष सम्पूर्णानगर के नेतृत्व में 16 अगस्त को थाना सम्पूर्णानगर पुलिस और एसएसबी की बसही कम्पनी 49 बटालियन कमलापुरी की संयुक्त टीम ने बसही बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बसही से नेपाल राष्ट्र को जाने वाले मार्ग पर पिलर संख्या 769/23 से भारत की तरफ लगभग 150 मीटर अंदर ग्राम बसही के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया।


तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 52.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि बरामद नशीला पदार्थ अवैध रूप से भारत में लाया जा रहा था। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक नेपाली रजिस्ट्रेशन वाली पल्सर मोटरसाइकिल जिसका नंबर बागमती प्रदेश 0206 0प 9021 है और एक नीले रंग का पोको कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।


गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान मुकेश सिंह कार्की के रूप में हुई है जो मनोज सिंह कार्की का पुत्र है और नेपाल के जिला कंचनपुर के ग्राम कलुवापुर का निवासी है। इस संबंध में थाना सम्पूर्णानगर पर मु0अ0स0 117/2026 धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना सम्पूर्णानगर से उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र मिश्रा और कांस्टेबल टिंकू प्रजापति, उमेश वर्मा व राहुल त्यागी शामिल थे। एसएसबी की तरफ से निरीक्षक रोबिन्स कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मोहम्मद इसा, हेड कांस्टेबल राजेश सहित 7 अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सीमा क्षेत्र में नशे की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके

Post a Comment

Previous Post Next Post