लखीमपुर खीरी। शारदा नगर थाने में हुई कस्टडी में मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक दरोगा और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। एसपी ने यह फैसला मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर लिया है।
जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है उनमें एसआई शिव कुमार, सिपाही चंद्रभान, सिपाही सिद्धार्थ गौतम और सिपाही सचिन शर्मा शामिल हैं। एसपी ख्याति गर्ग ने कहा कि ड्यूटी में बरती गई लापरवाही और अनियमितताओं को देखते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं और जांच की जिम्मेदारी सीओ स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए शारदा नगर थाने लाया गया था। आरोप है कि कस्टडी के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल था और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही थी।
Post a Comment