Top News

उमस और गर्मी से बेहोश हो रहे बच्चे, शिक्षक संघ ने DM से की समय सारणी बदलने की अपील

लखीमपुर-खीरी। जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, उमस और गर्म हवाओं के बीच विद्यालयों के संचालन समय को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों का समय पुनः सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक किए जाने की मांग की है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद लखीमपुर-खीरी के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र एवं जिला मंत्री विश्वास कुमार सिंह द्वारा सोमवार को जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान मौसम में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्यालय संचालित करना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण और अव्यावहारिक है। जिले के कई विद्यालयों में अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण विद्यार्थियों के बेहोश होने की सूचनाएं एवं वीडियो संगठन को प्राप्त हो रहे हैं, जिससे अभिभावकों और शिक्षकों में चिंता व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 28 जून 2026 से पूर्व लागू विद्यालय समय सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक पुनः प्रभावी किया जाए। संगठन ने जिलाधिकारी से इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
शिक्षक संघ ने ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित करते हुए विद्यार्थियों के हित में तत्काल विद्यालय समय परिवर्तन की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post