Top News

श्रावण मास की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, जालिमनगर घाट पर नदी में स्नान रहेगा प्रतिबंधित

लखीमपुर खीरी। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने धौरहरा तहसील क्षेत्र के जालिमनगर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पीएसी की द्वितीय वाहिनी सीतापुर/बाढ़ आपदा बचाव राहत दल के सेनानायक संतोष कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन गौतम, उपजिलाधिकारी राशि कृष्णा, क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और नदी में हो रहे कटान को देखते हुए श्रद्धालुओं के नदी में स्नान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन की ओर से पवित्र जल की वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाट क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में जनजागरूकता संबंधी बैनर एवं फ्लेक्स लगाने, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक तथा अन्य सुरक्षा प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस वर्ष पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि जालिमनगर घाट पर व्यापक पुलिस व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी तथा सभी व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post