Top News

बकरी चरा रहे आठ वर्षीय बालक को तेंदुए ने बनाया निवाला, गन्ने के खेत से मिला क्षत-विक्षत शव

निघासन (लखीमपुर खीरी)। नॉर्थ खीरी वन प्रभाग की बेलरायां रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरिया के मजरा बाबागंज में गुरुवार को तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। तेंदुआ बालक को उठाकर गन्ने के खेत में ले गया। करीब चार घंटे की तलाश के बाद ग्रामीणों ने उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबागंज निवासी बुद्धा का आठ वर्षीय पुत्र गोलू गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अपने साथियों के साथ गांव के बाहर बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले एक तेंदुए ने अचानक गोलू पर हमला कर दिया और उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया।
घटना को देख गोलू के साथ मौजूद बच्चे घबरा गए और दौड़कर गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को सूचना देने के साथ बालक की तलाश शुरू कर दी।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग सात बजे ग्रामीणों ने गन्ने के खेत से गोलू का क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी की सूचना दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते एक मासूम की जान चली गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post