Top News

जंगली हाथियों ने मचाई तबाही, फसलें रौंदी; गुस्साए किसानों ने वन चौकी का किया घेराव

निघासन(लखीमपुर खीरी)। मझगईं वन रेंज क्षेत्र में जंगल से निकलकर आए जंगली हाथियों के झुंड ने ग्राम पंचायत बौधियाकलां में भारी तबाही मचाते हुए दर्जनों एकड़ गन्ना और केले की फसल रौंद डाली। लगातार हो रहे नुकसान और वन विभाग की कथित उदासीनता से नाराज किसानों ने बुधवार को रमुआपुर स्थित वन विभाग की चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया तथा शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों का झुंड आए दिन जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहा है, जिससे किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो रही हैं। उनका आरोप है कि वन विभाग हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं कर रहा है और न ही किसानों को सुरक्षा के लिए टॉर्च समेत अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
हाथियों के ताजा हमले में किसान महेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह, प्रमोद जायसवाल, जसवन्त सिंह, ओमकार सिंह, विजय कुमार सहित कई अन्य किसानों की फसलें नष्ट हो गईं। पीड़ित किसानों ने बताया कि उनकी महीनों की मेहनत कुछ ही देर में बर्बाद हो गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन पहले भी हाथियों के झुंड ने इसी क्षेत्र में कई एकड़ फसल को नुकसान पहुंचाया था। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हाथियों की निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त कराने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि रमुआपुर चौकी पर किसानों के साथ बैठक कर हाथियों की निगरानी और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम गठित कर गश्त तेज कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post