Top News

वादा टूटा तो धरना शुरू: तिकुनियां में बिजली संकट को लेकर भाकियू टिकैत का प्रदर्शन अनिश्चितकाल के लिए

धरने पर बैठे किसान यूनियन के लोग
तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने पावर हाउस पर बुधवार से पूर्व में स्थगित धरना-प्रदर्शन को अनिश्चित काल के लिए पुनः प्रारंभ कर दिया है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मंडल सचिव जयमल सिंह ने बताया कि तिकुनिया पावर हाउस परिसर में क्षेत्रीय जनता एवं किसानों की मूलभूत विद्युत समस्याओं, विशेष रूप से आवश्यक ट्रांसफार्मर उपलब्ध न कराए जाने के विरोध में पूर्व में धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया गया था।  विभाग द्वारा समस्याओं के शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिए जाने के उपरांत संगठन द्वारा सद्भावना एवं प्रशासनिक सहयोग की भावना से उक्त धरना-प्रदर्शन को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था।महकमे के उच्चाधिकारियों ने यूनियन को लिखित रूप से यह आश्वासन दिया  था कि दिनांक 15 जुलाई तक ट्रांसफार्मर की आपूर्ति कर दी जाएगी, परंतु आज तक उक्त आश्वासन के अनुसार कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस कारण क्षेत्र के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं में अत्यंत रोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि आज तक उक्त समस्याओं का कोई संतोषजनक एवं स्थायी समाधान नहीं होने से  क्षेत्र के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को गंभीर विद्युत संकट एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है इसलिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत)ने बुधवार से पुनः अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया है। तहसील अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक कि ट्रांसफार्मर की उपलब्धता सुनिश्चित कर समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर दिया जाता।

Post a Comment

Previous Post Next Post