Top News

खैरीगढ़ मुख्य मार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान, जिम्मेदार एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी

खैरीगढ़ की मेन रोड पर भरा पानी
सिंगाही (लखीमपुर खीरी)।कदम-कदम पर कीचड़, और उम्मीदें डूबी हुईं। विकास के वादे सारे, पानी में बह गए कहीं। यह पंक्तियां खैरीगढ़ में भरे हुए पानी पर सटीक बैठती हैं। क्षेत्र की ग्राम पंचायत खैरीगढ़ में मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वर्षों से समस्या जस की तस बनी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इसकी ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्राम पंचायत खैरीगढ़ से होकर शीतलापुर, पचपेड़ा और रामनगर जाने वाला यह एकमात्र प्रमुख मार्ग है। काजी हाउस के पास सड़क पर कई वर्षों से पानी भरा रहता है, जिससे पैदल राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के प्रधान सुखदेव सिंह ने बताया कि जलभराव वाली जगह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। इस समस्या के समाधान के लिए विभाग से कई बार सड़क को ठीक कराने की मांग की जा चुकी है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) आर.के. नागर ने बताया कि सड़क की मरम्मत के समय पानी निकासी के लिए कच्ची नाली बनाई गई थी। अब पक्की नाली का निर्माण कर पानी निकासी की व्यवस्था करना ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है।
दोनों विभागों के बीच जिम्मेदारी तय न होने से आम लोगों को जलभराव की समस्या का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post