घटना स्थल पर मौजूद पुलिस
सिंगाही (लखीमपुर-खीरी)। कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भूलभुलैया मार्ग पर स्थित एक गन्ने के खेत की मेड़ पर लगे शीशम के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कस्बे के वार्ड संख्या-1 निवासी राजकुमार उर्फ छोटू पुत्र परमेश्वर के रूप में हुई है, जो सोमवार से लापता बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार कस्बे के अस्पताल रोड से भूलभुलैया जाने वाले मार्ग के पूर्व दिशा में वार्ड संख्या-11 निवासी मोनू त्रिवेदी का गन्ने का खेत है। खेत की दक्षिणी मेड़ पर लगे शीशम के पेड़ पर मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव लटका देखा। शव मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम तथा सभासद राहुल गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान राजकुमार उर्फ छोटू के रूप में की।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Post a Comment