Top News

अज्ञात लोगों ने काटकर नष्ट की किसानों की तैयार केले की फसल, मचा हड़कंप

अज्ञात लोगों के द्वारा नष्ट की गई केले की फसल
निघासन-खीरी। कोतवाली क्षेत्र के मिर्जागंज गांव में अज्ञात लोगों द्वारा दो किसानों की तैयार केले की फसल काटकर नष्ट कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और परिवारों में मायूसी छा गई है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी घुराई पुत्र डोरे की लगभग एक बीघा भूमि में तैयार खड़ी केले की फसल तथा गुड्डू उर्फ अफसर अली पुत्र असगर अली के खेत में लगे केले के पेड़ों को अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में काट दिया। किसानों के अनुसार करीब 70 से 80 केले के पेड़ काटकर नष्ट कर दिए गए हैं।
सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो फसल की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। फसल बर्बाद होने की जानकारी मिलते ही घुराई की पत्नी और बच्चे खेत में ही फूट-फूट कर रोने लगे। पीड़ित किसान घुराई ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर और कड़ी मेहनत से केले की खेती की थी। तैयार फसल से उन्हें अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन इस घटना ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
पीड़ित किसानों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवध राज सिंह सेंगर ने बताया कि किसानों की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post